एक क्लिक यहां भी...

Thursday, September 4, 2008

क्रन्तिकारी कवि

देश में नक्सलवादी आन्दोलन ने कई तरह के प्रभाव पैदा किए ..... कुछ अच्छे - कुछ बुरे और कुछ समझ से परे !

इस दौरान इस हवा ने कई क्रांतिकारी कवि पैदा किए, उन्ही में से एक और सबसे अलग कवि हुए वेणुगोपाल ....जिस दौर में नक्सल आन्दोलन उपजा और तब से अब तक वेणुगोपाल ने कम लिखा पर जो लिखा उसे पढ़ना किसी भी विद्रोही कवि या व्यक्ति के लिए ज़रूरी है

कवि वेणुगोपाल का सोमवार देर रात निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे और कैंसर से पीडित थे। 22 अक्टूबर 1942 को आंध्र प्रदेश के करीमनगर में जन्मे वेणुगोपाल का मूल नाम नंद किशोर शर्मा था और वह देश में नक्सलवादी आंदोलन से उभरे हिंदी के प्रमुख क्रांतिकारी कवियों में से थे।

उनके बारे में ज़्यादा कहने से बेहतर होगा की आपको उनकी रचना पढ़वा दूँ ..... पढे और सोचें ...

देखना भी चाहूँ

देखना भी चाहूं
तो क्या देखूं !
कि प्रसन्नता नहीं है प्रसन्न
उदासी नहीं है उदास
और दुख भी नहीं है दुखी
क्या यही देखूं ? -
कि हरे में नहीं है हरापन
न लाल में लालपन
न हो तो न सही
कोई तो 'पन' हो
जो भी जो है
वही 'वह' नहीं है
बस , देखने को यही है
और कुछ नहीं है
हां, यह सही है
कि जगह बदलूं
तो देख सकूंगा
भूख का भूखपन
प्यास का प्यासपन
चीख का चीखपन
और चुप्पी का चुप्पीपन
वहीं से
देख पाऊंगा
दुख को दुखी
सुख को सुखी
उदासी को उदास
और
प्रसन्नता को प्रसन्न
और
अगर जरा सा
परे झांक लूं
उनके
तो
हरे में लबालब हरापन
लालपन भरपूर लाल में
जो भी जो है ,
वह बिल्कुल वही है
देखे एक बार
तो देखते ही रह जाओ!
जो भी हो सकता है
कहीं भी
वह सब का सब
वही है
इस जगह से नहीं
उस जगह से दिखता है
देखना चाहता हूं
तो
पहले मुझे
जगह बदलनी होगी।

मयंक सक्सेना

Tuesday, September 2, 2008

रमजान मुबारक ....


कल न्यू मार्केट में भटक रहा था । छोले-भठूरे खाने के लिए । अचानक पास वाली मस्जिद में अजान सुनाई दी । और फ़िर पता नही कहाँ से कानों को एक रूहानी आवाज़ मिली "रमजान की इब्तेदा हो गई" ।





इस्लामिक केलेंडर के इस नौवें महीने का धार्मिक महत्त्व जितना है , उससे सांस्कृतिक महत्त्व भी उससे कम नही है। इसे महसूस करने के लिए आपका मुस्लिम होना भी ज़रूरी नही । फलक पर चाँद की दीद होने का इंतज़ार करते किसी मुसलमां की रूह को चाँद दिखाई देने पर जितना करार आता होगा , आप उससे गले लग कर "रमजान मुबारक" के अल्फाज़ कह कर देखें - उतना ही चैन न सिर्फ़ आपकी बल्कि हिंदुस्तान की रूह को भी मिलेगा ।



इस मुक़द्दस महीने को याद करूँ तो आंखों के सामने एक बच्चों की टोली भी आती है । कुछ प्रेमचंद की कहानी ईदगाह पढने के कारन और कुछ लखनऊ की जाफरानी गलियों में रहने के कारन । रमजान शुरू होता है और शुरू होते हैं बच्चे भी । अम्मी की दिया सामान हाथ में लेकर निकल पड़ते हैं मस्जिद की ओर । जैसे नागपंचमी पर मैं गुडिया पीटने निकलता था ।



रिवायती शहरों की सड़कें भी इस महीने खूब रौशन रहती हैं । खजूर, लच्छे, टोपी वगैरह । लखनऊ में मौलवीगंज और नक्खास में तो ये रौनक मैंने खूब देखि है । इस पूरे महीने आपको खजूर की जितनी किस्म मिलेंगी उतनी पूरे साल नही मिलेंगी । मक्के वाला , ईरान वाला , । खजूर से रोजा तोड़ने पर सबाव मिलता है , ऐसा माना भी जाता है ।



तावारीह , सहरी , इफ्तारी , ईदी, इन्हे भले ही कुछ तंग नज़र वाले एक खास तबके तक सीमित कर दें , लेकिन हकीकी मायनों में ये सब उस श्रृद्धा या अकीदत के रंग हैं जो दुनिया के हर इन्सां में कहीं न कहीं किसी न किसी रूप में है। कहीं रमजान , तो कहीं नवरात्र , कहीं चौमासा, तो कहीं नौरोज़ ।



"अव्वल अल्लाह नूर उपाया कुदरत के सब बन्दे

एक नूर ते सब जग उपजा , कोण भले को मंदे"



आप सभी को केव्स संचार की ओर से रमजान उल मुबारक की बधाई ।।




Monday, September 1, 2008

दुष्यंत के जन्मदिन पर ...

आज १ सितम्बर है । दुष्यंत कुमार का जन्मदिन । भोपाल आने से पहले दुष्यंत के नाम से तो वाकिफ था पर दुष्यंत के मायने नही जानता था । भोपाल आया तो दुष्यंत को सही से जाना । फ़िर पता चला की दुष्यंत को न जानना कितनी बड़ी लापरवाही थी ।

दुष्यंत का मतलब लोगों के लिए हिन्दी ग़ज़ल हो सकता है ... कुछ सीमा तक मेरे लिए भी है लेकिन इसके निहितार्थ गहरे हैं।

ग़ज़ल की विधा उर्दू में जितनी लोकप्रिय थी उतनी ही शिद्दत से हिन्दी में भी अपनाई गई । जब साहित्य में अलग अलग भाषाई विधाओं का इख्तेलात होता है , तब फायदा किसी उर्दू या हिन्दी को नही होता समूचे अदब को होता है । ग़ज़ल अगर आम जन तक पहुची विशेष कर हिन्दी प्रेमियों में, तो इसके पीछे दुष्यंत का आसमान में सुराख कर देने वाला जज्बा रहा । वरना साहित्य के कथित ठेकेदार हिन्दी और उर्दू दोनों में ही, न उस वक्त कम थे और न आज कम हैं ।

हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,

इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।

आज यह दीवार, परदों की तरह हिलने लगी,

शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।

हर सड़क पर, हर गली में, हर नगर, हर गाँव में,

हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।

सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं,

मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।

मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही,

हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।

फ़राज़ साहब के बारे में ....

अहमद फ़राज़ चले गए । उनके अदबी सफर और शायरी के बारे में बहुत जगह बहुत कुछ लिखा गया । तन्जीर सर और मयंक भाई ने अपने अपने तरीके से उन्हें श्रृद्धांजलि दी । बहुत अच्छा लगा । फ़िर मैं कैसे चुप रहता । मैं भी फ़राज़ साहब पर लिख रहा हूँ । पर न तो मैं आम जन को फ़राज़ साहब कौन थे ये बताते हुए उनका तारुफ़ दूंगा और न ही उनकी शायरी की तनकीद करूँगा ।

मैं फ़राज़ साहब की एक ग़ज़ल पेश कर रहा हूँ और गुजारिश कर रहा हूँ की इसे पढ़े , अगर आपको ऐसा लगा की ये ग़ज़ल आपकी अपनी कहानी कह रही है , तो आपका सिर इस ग़ज़ल के शायर के सम्मान में अपने आप ही झुक जाएगा , फ़िर चाहें आपने अहमद फ़राज़ का नाम पहली बार सुना हो या आप भी मेरी तरह बरसों से उनके मुरीद हों।


बरसों के बाद देखा इक शख़्स दिलरुबा सा
अब ज़हन में नहीं है पर नाम था भला सा

खिंचे खिंचे से आँखें झुकी झुकी सी
बातें रुकी रुकी सी लहजा थका थका सा

अल्फ़ाज़ थे के जुग्नू आवाज़ के सफ़र में
बन जाये जंगलों में जिस तरह रास्ता सा

ख़्वाबों में ख़्वाब उस के यादों में याद उस की
नींदों में घुल गया हो जैसे के रतजगा सा

पहले भी लोग आये कितने ही ज़िन्दगी में
वो हर तरह से लेकिन औरों से था जुदा सा

अगली मुहब्बतों ने वो नामुरादियाँ दीं
ताज़ा रफ़ाक़तों से दिल था डरा डरा सा

कुछ ये के मुद्दतों से हम भी नहीं थे रोये
कुछ ज़हर में बुझा था अहबाब का दिलासा

फिर यूँ हुआ के सावन आँखों में आ बसे थे
फिर यूँ हुआ के जैसे दिल भी था आबला सा

अब सच कहें तो यारो हम को ख़बर नहीं थी
बन जायेगा क़यामत इक वाक़िआ ज़रा सा

तेवर थे बेरुख़ी के अंदाज़ दोस्ती के
वो अजनबी था लेकिन लगता था आश्ना सा

हम दश्त थे के दरिया हम ज़हर थे के अमृत
नाहक़ था ज़ोंउम हम को जब वो नहीं था प्यासा

हम ने भी उस को देखा कल शाम इत्तेफ़ाक़न
अपना भी हाल है अब लोगो "फ़राज़" का सा

Thursday, August 28, 2008

अब के बिछडे हुए तो फिर कभी ख्वाबों में......



इससे पहले कि बेवफा हो जायें
क्यों न ऐ दोस्त हम जुदा हो जायें
और फिर जब लगा कि ज़िन्दगी बेवफा होने लगी है ..... फ़राज़ साहब ने ज़िन्दगी से जुदा होने का फ़ैसला ले लिया। उर्दू अदब और कलम की दुनिया का वो सितारा बुझ गया जिसने न जाने कितने दिलों को तन्हाइयों में सुकून दिया और न जाने कितने दिमागों को रोशन कर दिया।
फ़राज़ साहब दरअसल एक शख्सियत नहीं थे, वो एक किताब थे जिसे पढ़कर न जाने कितने गुमनाम लोग शख्सियत बन गए, दावे से कहा जा सकता है कि आज के उर्दू के कई बड़े शायर ऐसे होंगे जिनको शायरी करने का पहला शौक अहमद फ़राज़ साहब को सुनकर या पढ़कर हुआ होगा। और ये हाल उनके मादर ऐ वतन पाकिस्तान का नहीं हिन्दोस्तान का भी था।
उर्दू के इस सितारे की पैदाइश हुई १९३२ में पाकिस्तान के नौशेरा में, वालिद ठहरे मामूली मदरसे के टीचर सो बहुत रईसी की हालत भी नही थी। एक बार इनके वालिद इनक्जे और इनके भाई के लिए कुछ कपड़े लाये और वो इन्हे पसंद ना आए, बगावती तेवर तब पहली बार दिखे जब ये इस बात पर नाराज़ हो कर घर से भाग निकले। एक शेर जो इन्होने अपने वालिद के नाम लिख छोड़ा था वो इस तरह था,
जबकि सबके वास्ते लाये हैं कपड़े सेल से,
लाये हैं मेरे लिए कैदी का कम्बल जेल से

खैर आगे की पढ़ाई लिखाई हुई पेशावर यूनिवर्सिटी से उर्दू और फ़ारसी में और बचपन की फकीरी को सहारा मिला शायरी का। जनाब लिखने लगे .... उम्दा शायरी करने लगे। कलम एक बार चल जाती है तो फिर मौत ही उसे रोकती है। फ़राज़ साहब मशहूर शायरों में से हो गए। शुरुआत में असर रहा अल्लामा इकबाल साहब का पर बाद में प्रभावित हो गए अली सरदार जाफरी और फैज़ अहमद फैज़ से ..... बस यहीं से चल निकला सिलसिला उर्दू की तरक्की पसंद शायरी का जो इतने मुकामों से गुज़रा की पूरी दुनिया उससे मुत्तास्सिर हुई। दुनिया ने जाना और माना की फ़राज़ मुशायरों की जान है।


अब और कितनी मुहब्बतें तुम्हें चाहिए फ़राज़,


माओं ने तेरे नाम पे बच्चों के नाम रख लिए।


अहमद फ़राज़ साहब साहब शायद आधुनिक उर्दू के उन गिने चुने शायरों में से हैं जिनको जितनी शिद्दत से पाकिस्तान में अवाम मोहब्बत करता है उतना ही इश्क हिन्दोस्तान की जनता को भी उनसे था। कई लोगों ने मुझसे उनके इन्तेकाल की ख़बर आने के बाद मुझसे पूछा की "क्या फ़राज़ साहब पाकिस्तान में रहते थे ?" हिन्दोस्तान का कोई भी बड़ा मुशायरा उनके बिना पूरा नहीं हुआ। आज वो महफ़िल सूनी हो गई है।


तेरे होते हुए महफ़िल में जलाते हैं चिराग़


लोग क्या सादा हैं सूरज को दिखाते हैं चिराग़


बगावत की जुर्रत ऐसी की फौजी हुकूमत के खिलाफ इतना लिखा - इतना बोला की पहले जेल में रहे और फिर मुल्क से बदर हो कर ब्रिटेन और कनाडा में ज़िन्दगी बसर की पर हमेशा दिखे मुस्कुराते हुए। आम धारणा है की किसी शायर की कुछ ही नज्में ऐसी होती हैं जो उसे यादगार कर देती हैं ..... मैं कहूँगा की ज़रा फ़राज़ साहब को पढ़ कर देखें। इतना कुछ और हर बार उतना ही कमाल ...


फ़राज़ अब कोई सौदा कोई जुनूँ भी नहीं


मगर क़रार से दिन कट रहे हों यूँ भी नहीं


ऐसे शेर कि आप याद कर कर के लाजवाब हो जाएँ ,


यूँ तुझे ढूँढ़ने निकले के न आए ख़ुद भी


वो मुसाफ़िर कि जो मंज़िल थे बजाए ख़ुद


ऐसा साक़ी हो तो फिर देखिए रंगे-महफ़िल


सबको मदहोश करे होश से जाए ख़ुद भी


दिनकर जी अपनी एक कविता में कहते हैं कि पंछी और बादल भगवान् के डाकिये हैं जो एक मुल्क से दूसरे मुल्क में स्नेह का पानी बरसाने ...... बिना वीसा के ....... फ़राज़ साहब ज़िन्दगी में भले ही बिना वीसा के सरहदों को पार न कर पाये हो, उनका सुखन और अब उनकी यादें सरहदों की दीवारों की कैदी और सरकारों की रहमतों की मोहताज नहीं। उनका बदन अब ख़ाक के सुपुर्द है और उनकी रूह हम सब के अन्दर ......


जैसा कि वो ख़ुद कह गए


ख़्वाब मरते नहीं


ख़्वाब दिल हैं न आँखें न साँसें के


जो रेज़ा-रेज़ा हुए तो बिखर जायेंगे


जिस्म की मौत से ये भी मर जायेंगे


ख़्वाब मरते नहीं


ख़्वाब तो रौशनी हैं, नवा हैं, हवा हैं


जो काले पहाड़ों से रुकते नहीं


ज़ुल्म के दोज़ख़ों से भी फुँकते नहीं


रौशनी और नवा और हवा के आलम


मक़्तलों में पहुँच कर भी झुकते नहीं


ख़्वाब तो हर्फ़ हैं


ख़्वाब तो नूर हैं


ख़्वाब तो सुक़्रात हैं


ख़्वाब मंसूर हैं

Wednesday, August 27, 2008

बिंद्रा का अभिनव प्रदर्शन

हिन्दी पत्रकारिता के सशक्त हस्ताक्षर हैं एन डी टीवी के रवीश कुमार। रवीश जी नियमित तौर पर वेब के लिए अपने अनुभव और अपने विचार लिखते रहते हैं, प्रस्तुत लेख रवीश जी ने वेब दुनिया के लिए लिखा था। गौर फरमायें काफ़ी गहन विश्लेषण और सटीक कटाक्ष है .....

एकलव्य तीरंदाज़ नहीं बन सका, क्योंकि द्रोण ने उससे अंगूठा मांग लिया। अर्जुन सबसे बड़ा धनुर्धर बन गया, क्योंकि उसके पास द्रोण थे, और राजपाट था। एकलव्य की कहानी आज भारतीय खेलों की कहानी है। हालांकि सामाजिक दायरे में एकलव्य की कहानी सवर्ण मानसिकता की कहानी है। हमारी सरकारों ने द्रोण की भूमिका निभाकर न जाने कितने एकलव्यों को सुविधाओं की कमी में मार दिया। 112 साल गुज़र गए ओलिम्पिक में जाते हुए। एक अरब की आबादी वाले इस मुल्क में न तो एकलव्य को कामयाबी मिली, न अर्जुन को।
इतिहास शायद खुद को दोहरा रहा है। अभिनव बिंद्रा अर्जुन बन गया है। उसके पास भी अर्जुन की तरह अपने घर के पीछे शूटिंग रेंज है। तमाम तरह की सुविधाएं हैं। लक्ष्य वही है - सबसे बड़ा निशानेबाज़ बनना है। एकलव्य की कहानी ने हम सबको एक अपराधबोध में जीने के लिए मजबूर किया। द्रोण की नाइंसाफी आज तक टीस पैदा करती है कि अपनी मेहनत से पैदा हुए धनुर्धर को खत्म कर दिया गया।
लेकिन इस बदलती दुनिया में अर्जुन की तरह सुविधा और एकलव्य की तरह इरादा चाहिए। अभिनव के पास दोनों था। उसके पिता द्रोण की तलाश में नहीं भटके। बल्कि घर के पीछे ही एकलव्य की तरह साधना का हर सामान जुटा दिया। 13 साल के शूटिंग करियर में यह लड़का ओलिम्पिक में स्वर्ण पदक तक पहुंच गया। ज़ाहिर है, अभिनव की कामयाबी एक नई कहानी बना रही है। समझा रही है कि सुविधा और लगन दोनों चाहिए, दुविधा से काम नहीं चलेगा।
हम कब तक एकलव्य की कहानी पर रोते रहेंगे और अर्जुन की कामयाबी को शक से देखते रहेंगे। दोनों ही कहानियां कभी बदलेंगी नहीं, लेकिन आगे तो बढ़ना ही होगा। एक दलित की बेटी मायावती ब्राह्मणों को अपनी पार्टी में जोड़कर प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रही है। जिस मनुवाद के ख़िलाफ़ मायावती और उनकी पार्टी बीएसपी खड़ी हुई, उसी मनुवाद के प्रतीक ब्राह्मणों से हाथ मिलाया... सिर्फ इसलिए नहीं कि सत्ता हासिल करनी थी, बल्कि इस प्रक्रिया में इतिहास में पहली बार किसी अभियान में दोनों करीब भी आ गए। करीब आए होंगे तो जाति की कई वर्जनाएं ध्वस्त हुई होंगी। नाम के लिए ही सही, वोट के लिए सही, ब्राह्मण दलितों की रैली या उनकी पार्टी से जुड़े तो... यह एक बड़ा प्रयोग था।
चंडीगढ़ में अभिनव बिंद्रा के पिता एएस बिंद्रा ने भी कुछ ऐसा ही प्रयोग कर दिया। बता रहे थे, करना ही था। किसी न किसी को तो करना ही होगा। पैसे वाले बिंद्रा ने पैसे को निष्ठा और लक्ष्य के सामने टिकने न दिया। एकलव्य किसी जंगल में पैदा नहीं होगा। अर्जुन किसी शूटिंग कमेटी से पैदा नहीं होगा। अभिनव बनना होगा तो दोनों चाहिए।
एकलव्य की साधना, अर्जुन का निशाना और निशाना लगाने के लिए महंगे शूटिंग रेंज और मां-बाप का साथ। यह एक नया प्रयोग है। इस प्रयोग ने 112 साल की हताशा को खत्म कर दिया। मायावती के प्रयोग ने दलितों और ब्राह्मणों के बीच हज़ारों साल की दूरी को कम कर दिया। अभिनव बिंद्रा ने इसे शूटिंग में करके दिखा दिया।

रवीश कुमार
साभार: web duniya

भिवानी में हार-जीत के वो पल

(हिन्दी पत्रकारिता के सशक्त हस्ताक्षर हैं एन डी टीवी के रवीश कुमार। रवीश जी नियमित तौर पर वेब के लिए अपने अनुभव और अपने विचार लिखते रहते हैं,प्रस्तुत लेख रवीश जी ने NDTV Khabar के लिए लिखा था।)

भिवानी का देवसर गांव। ठीक चार बज रहे थे। बॉक्सर जितेंद्र कुमार के घर वालों ने मीडिया के लिए शामियाने का इंतज़ाम किया था। टीवी लगाया गया था। लाइव कवरेज के लिए 20 ओबी वैन से घर का हर रास्ता घिर चुका था। जितेंद्र कुमार के पिता जी ने कहा कि ढाई मणि की मन्नत मांगी है, मां भवानी से। कर्म और भाग्य की सीमा रेखा का लांघते, मिटाते अब सब कुछ उस मालिक पर निर्भर था जो सबका मालिक है। ढाई मणि यानी सौ किलो लड्डू की मन्नत। बीजिंग से एक फोन आता है। जितेंद्र कुमार अपने भाई सुरेंद्र कुमार को कहता है, मस्त हो कर मैच देखना। मीडियावालों का ख्याल रखना। कोई नाटक नहीं। सब कुछ सहज। देश का नेशनल मीडिया एक बार फिर से गांवों की खोज करने पहुंचा था। लोगों को लग रहा था कि यह एक उभरता भारत है। विकासशील देश में उभरने की तमाम संभावनाएं और कहानियां बची रहती हैं। जितेंद्र, अखिल और विजेंद्र उन बची हुईं लाखों कहानियों का हिस्सा हैं जो अभी कही जानी हैं।ख़ैर, जितेंद्र की हार होते ही उभरते भारत की कहानी कहने वाले अपने साज़ोसामान समेटने लगे। विजेंद्र कुमार के घर की तरफ रवाना हो गए। वहां उभरते भारत को देखने। टिके रहे तो सिर्फ गांव के बुज़ुर्ग। सबने कहा 20 साल की उम्र है जितेंद्र की। अभी तो सारी उम्र पड़ी है। हम हार से नहीं घबराते। ऐसे बुजुर्ग बड़े शहर वालों के पास नहीं होते। इसीलिए, वो नाकामी के क्षणों में अवसाद के शिकार हो जाते हैं। गांव के बुज़ुर्ग नाकामी के समय में भी साथ रहते हैं। लेकिन, मीडिया के लिए उभरता हुआ भारत तभी है जब वहां से कोई कामयाब होता है। देश के लिए। जिस देश के लोगों ने कमीशन और रिश्वत खाकर इन छोटे शहरों की कई पंचवर्षीय योजनाओं को गटक लिया है। सिर्फ 20 मिनट के फासले में जितेंद्र कुमार उभरते हुए भारत की कहानी बनते बनते रह गया। हार के साथ ही उसे भुला दिया गया। जिस तरह बड़े शहर वाले छोटे शहर को नाकाम समझ कर भुला देते हैं। ओबी वैन अब विजेंद्र कुमार के घर की तरफ दौड़ने लगी।कालुवास गांव। गांव के चौधरी, ताऊ और चाचा सब जमा हो गए थे। भोले शंकर और जय मां भवानी। इन्हीं के भरोसे छोटे शहर और गांव के लोग अपनी मन्नतों को छोड़ देते हैं। मां भवानी की कृपा होगी तो पूरी हो जाएगी। वरना कोई बात नहीं। मां भवानी के भक्त तब भी रहेंगे। उसी तरह से जैसे भिवानी की टूटी सड़कें, ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था और लुटेरे प्राइवेट क्लिनिकों के बाद भी लोग इस छोटे शहर में रहते हैं। रहना पड़ता है।हवा में नारे गूंज रहे थे। वहां मौजूद एक-दो पत्रकार को छोड़ किसी को मालूम नहीं था कि बॉक्सिंग में स्कोर कैसे मालूम करते हैं। लोगों को मालूम था। वो हर पंच पर स्कोर का एलान कर देते और मां भवानी बोलने लगते। क्रिकेट के शब्दों की तरह बाउट यहां की भाषा का आम शब्द है। बाउट हो रही है। सब देख रहे थे और इंतज़ार कर रहे थे उस जीत का जिसे इतिहास के तमाम पन्नों में दर्ज होना था। विजेंद्र कुमार के घर की औरतों के लिए नज़ारा देखने के लिए किसी खिड़की और बालकनी में जगह नहीं बची थी। हर तरफ कैमरे लगे थे। बड़े शहर वाले अपने घरों में बैठे छोटे शहर को देख रहे थे। गांव का आदमी कैसे कर गया? क्या यह नया भारत नहीं है? ये असली इंडिया है। विजेंद्र कुमार ने साबित कर दिया है।तभी बिजली चली गई। विजेंद्र की जीत के साथ ही बिजली चली गई। शायद पूरी रात के लिए। घर अब इनवर्टर के भरोसे था या फिर टीवी कैमरों की लाइट से रोशन हो रहा था। घर की तमाम औरतें अब रसोई में थी। मीडिया और मेहमानों के लिए चाय बना रही थीं। तमाम होटल वाले, धर्मशाला वाले और सर्राफा बाज़ार वाले आकर मिठाई बांट चुके थे। कैमरों के सामने विजेंद्र के बचपन की कहानी गाकर जा चुके थे। गांव के एक व्यक्ति ने कहा जब आप आ ही गए हो तो इस गांव की समस्या भी उठा दो। भिवानी में नाले के पानी से बाढ़ आ गया। इसके बारे में उठा दो। यहां बिजली नहीं रहती, ये तो दिखा दो। मैंने कहा, अभी तो मुख्यमंत्री का फोन आया था बधाई के लिए। उनसे कहते कि समस्याओं को ठीक कीजिए। जवाब मिला जब मीडिया दिखाएगा तभी मिलेगा। आप हो तभी 25-50 लाख का एलान भी हो रहा है। वरना क्या पता इतना भी मिलता या नहीं। खिलाड़ी तो इस इलाके के बहुत से इंटरनेशनल खेले हैं। आप ही कुछ कर सकते हैं।मैंने उन्हें धोखे में नहीं रखा। कह दिया कि मीडिया कल चला जाएगा। आप लोगों को बिना बिजली और सड़क के ही रहना होगा। विजेंद्र एक कामयाब कहानी है। लेकिन वो भिवानी की कहानी नहीं है। वो कुछ लोगों की मेहनत और इरादे की कहानी है। शुक्र है भिवानी का समाज खिलाड़ियों को हताश नहीं करता। सब प्रोत्साहित करते हैं। शायद यही वजह रही होगी कि ओलिंपिक से पहले भी यहां खिलाड़ी सम्मान के साथ जीता होगा।फर्क सिर्फ इतना था कि विजेंद्र की कामयाबी को आज वो समाज अपनी कामयाबी भी मान रहा था। सरकार के नुमाइंदे हमेशा की तरह रेवड़ियों का एलान कर रहे थे। मैंने भिवानी के डीसी का इंटरव्यू करने से मना कर दिया। उनके नुमाइंदे को कह दिया कि उनके पास अगर घोषणाओं के अलावा कुछ है बताने के लिए तो फिर बात करता हूं। वरना उन सबसे कहिए कि बिजली का इंतज़ाम कर दें। बिजली नहीं आई और डीसी साहब जा चुके थे।विजेंद्र कुमार जैसों का छोटा शहर। उसके पिता महिपाल सिंह ने कहा बुरा लगता है जब कोई हमें छोटे शहर का कहता है। मैंने कहा मुझे भी बहुत बुरा लगता है। लोग भूल जाते हैं कि हर दिन छोटे शहरों के लाखों लोग सायकिलों, बसों, और ट्रेन की छतों पर लद-भर कर बड़े शहरों में जाते हैं और आबाद कर चले जाते हैं। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता ये सब महानगर छोटे शहरों, गांवों से आए लाखों करोड़ों लोगों की मेहनत से बसे हुए हैं।

रवीश कुमार
साभार:www.ndtvkhabar.com

गूगल बाबा का वरदान - हिन्दी टंकण औजार

ब्लॉग एक खोज ....